पड़री। थाना क्षेत्र के तिगोड़ा गांव के पास ट्रैक्टर से कुचलकर मृत बालक धीरज की फाइल फोटो। स्रोत
पड़री। तिगोड़ा गांव के पास रविवार की सुबह मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से गांव निवासी आकाश उर्फ धीरज गोतम (12) की मौत हो गई। पुलिस ने चालक को पकड़कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। तिगोड़ा गांव निवासी दिनेश कुमार गौतम का बेटा आकाश घर से तिगोड़ा पहाड़ की ओर जा रहा था। तिगोड़ा गांव के सामने पहुंचा था कि सामने से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आकाश प्राथमिक विद्यालय तिगोड़ा में कक्षा पांच का छात्र था। मृतक के पिता दिनेश कुमार गौतम शनिवार को काम करने के लिए मुंबई जा रहे थे। बेटे के मौत की सूचना मिलते ही बीच रास्ते से लौटकर घर आए। आकाश दो भाइयों व दो बहन में बड़ा था। थानाध्यक्ष पड़री अजीत सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।