जमालपुर । थाना क्षेत्र के डोहरी गांव से सोमवार की दोपहर चचेरे भाई के साथ साइकिल से घूमने गया लापता छह वर्षीय बालक का शव 24 घंटे बाद गांव के कूएं में मिला। सोमवार की शाम को घर न आने पर परिजनों ने खोजबीन कर पुलिस को सूचना दिया था। मंगलवार की सुबह परिजनों ने ग्रामीणों के साथ धरना प्रदर्शन करते हुए जीवनाथपुर कंचन पुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम किया था। पुलिस ने जाम समाप्त कराने के बाद चचेरे भाई पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट थी।
सोमवार की दोपहर में डोहरी गांव के छोटलाल गिरी के छह वर्षीय पुत्र साजन गिरी को 15 वर्षीय चचेरा भाई साइकिल पर बैठाकर दवा लेने के नाम पर घर से बाहर निकला था। काफी देर होने के बाद छह वर्षीय साजन गिरी घर वापस नहीं आया। परिजनों ने पता किया तो पता चला कि उसका चचेरा भाई दोपहर में ही आ गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी साजन गिरी का पता नहीं चल पाया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिया। मंगलवार की सुबह छह वर्षीय साजन गिरी के गुम होने से नाराज ग्रामीणों ने सैकड़ो की संख्या में एकजुट होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुबह आठ बजे डोहरी गांव के सामने जिवनाथपुर कंचनपुर स्टेट हाईवे पर जाम कर लापता बालक का पता लगाने की मांग करने लगे। स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कि सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विजय सरोज और चौकी प्रभारी डवंक संजय सिंह नाराज ग्रामीणों को समझा कर चक्काजाम खोलवाने की कोशिश किया, पर ग्रामीण जिद पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा काफी समझाने के बाद 24 घंटे में में लापता बालक का पता लगाने के अश्वासन पर ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद जाम समाप्त किया। पिता छोटे लाल गिरी की तहरीर पर चचेरे भाई पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। मामले को गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी महेश सिंह अत्रि, सीओ चुनार ने चचेरे भाई से पूछताछ किया। चचेरे भाई से पूछताछ के बाद कूएं का पानी निकाला तो बालक का शव अंदर मिला। पुलिस शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।