प्रमुख सचिव नवतेज सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिले में ओलावृष्टि तथा अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों में हो रहे चेक वितरण का जायजा लिया और तेजी लाने का निर्देश भी दिया।
जिले में अब तक 968 किसानों को 58 लाख 37 हजार 853 रुपये की सहायता राशि का चेक दिया जा चुका है।
प्रमुख सचिव ने पशुओं को होने वाले संक्रामक रोगों पर चिंता जताया।
उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को लालगंज के प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के संक्रामक बीमारी को रोकने, उनके चारे के लिये भूसा तथा टीकाकरण का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि गांवों में पशु स्वास्थ्य टीम अनवरत रहे। जिससे पशुओं का उपचार समय पर किया जा सके। प्रमुख सचिव ने उप निदेशक कृषि को सीजन में बोए जाने वाले जायद के बीज एवं उर्वरक आदि उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने उपायुक्त मनरेगा तथा परियोजना निदेशक को गांव में ही भरण पोषण एवं रोजगार के लिए मनरेगा के तहत कार्य कराने का निर्देश दिया। जिससे ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिल सके ।
जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त लेखपालों एव नायब तहसीलदारों को लगा कर राहत कार्य कराया जा रहा है। राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
को-आपरेटिव के ईसीओ एके सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र के सहकारी समितियों के माध्यम से सहायता राशि का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गलरा खुटहा समिति द्वारा 121, बबुरा कलां समिति द्वारा 11 तथा बडौहां उमरिया समिति द्वारा 51 एवं भटवारी डिगिहां समिति द्वारा 297, अहुंगी कला में 99, सिकटा महुगढ़ में 150 तथा महुगढी में 83 तथा मटिहरा समिति क्षेत्र में 76 किसानों सहित 968 किसानों में 5837853.56 की धनराशि का वितरण किया गया है तथा शेष किसानों में वितरण किया जा रहा है।
बैठक में सीडीओ अमित सिंह, एडीएम डीएस उपाध्याय, एसडीएम सदर और एसडीएम चुनार आदि रहे।