भारतरत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की जन्म शताब्दी का स्मरणोत्सव शनिवार को नगर के डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में मनाया गया। कुमुद दीवान फाउंडेशन आफ क्लासिकल म्यूजिक एवं डांस तथा संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित गूंज उठी शहनाई कार्यक्रम में भारत रत्न को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य सहित आयुक्त रंजन कुमार, डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव, डीएम कंचन वर्मा व एसपी कलानिधि नैथानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्ज्वलित कर किया। स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया, वहीं आयोजन की मुख्य संयोजिका डा. कुमुद दीवान ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान साधना ललित कला प्रशिक्षण केंद्र विंध्याचल के मनीष व वसुंधरा शर्मा ने कथक नृत्य पर आधारित सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गति प्रदान की।
तत्पश्चात् वाराणसी के जाने-माने शहनाई वादक उस्ताद फतेह अली खां एवं पार्टी ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की बनाई कई धुनें सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डा. कुमुद दीवान ने- पारंपरिक ठुमरी व चैती प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। वायलिन वादक पद्मभूषण डा. एन राजम ने अपनी प्रस्तुति से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। संगीत पुरोधा पं. महेश्वरपति त्रिपाठी व डैफोडिल्स स्कूल के डायरेक्टर अमरदीप सिंह व अपराजिता सिंह को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान तमाम गणमान्य लोग रहे।