मिर्जापुर। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सोमवार विकासखंड सिटी में सचिवों, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक व सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें विभागीय योजना एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में फिसड्डी ग्राम सचिव प्रभात शुक्ला, दिनेश कुमार गौतम को चार्जशीट दिया। तरुण भारती, शिव शंकर सिंह, विशाल सोनकर, उदय राज व पप्पू मोदनवाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। सचिव पंकज सिंह के कार्यों की निंदा की।
ब्लाॅक सभागार में हुई बैठक के दौरान डीपीआरओ संतोष कुमार ने ग्राम पंचायत में बेहतर कार्य करने वाले सफाईकर्मियाें की प्रसंशा कर उनका माल्यार्पण किया गया। बैठक के बाद डीपीआरओ ने भिस्कुरी में बने आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। कार्य अधूरा पाए जाने पर ग्राम प्रधान और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया। एक सप्ताह के अंदर आरआरसी सेंटर पूर्ण कर प्रत्येक दशा में संचालित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कंसलटेंट विनोद श्रीवास्तव, प्रभारी एडीओ पंचायत दिनेश कुमार, बीसी बिभा बिंद, मनीष पांडेय सहित ब्लाॅक क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक व सफाईकर्मी मौजूद रहे।