ऐसे में वाराणसी या प्रयागराज उतरने के बाद बस या अन्य वाहन से दर्शनार्थियों को पहुंचना पड़ेगा। स्थानीय स्टेशन के अधीक्षक रविंद्र कुमार ने कहा कि रेलवे स्टेशन मिर्जापुर पर सप्ताह में 42 जोड़ी और प्रतिदिन लगभग 22 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव है। नवरात्र मेले में अतिरिक्त या स्पेशल ट्रेन का ठहराव नहीं हुआ है। न ही कोई आदेश आया है।
रोडवेज बसों के बेड़े में भी बढ़ोत्तरी नहीं
नवरात्र मेले में कुछ दिन ही शेष है, पर अभी रोडवेज बसों के बेड़े में अतिरिक्त बसें नहीं मिली है। नवरात्र मेले में अतिरिक्त बसों का ठहराव होता है। रोडवेज अधिकारियों की माने तो अभी नवरात्र मेले का शेड्यूल नहीं आया है, बेड़े में जो बसें है, उनके फेरे को बढ़ाया जाएगा। शेड्यूल आने पर अतिरिक्त बसों को लगाया जाएगा।
नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं समेत मंदिर प्रबंधक व पुजारियों में उत्साह देखा जा रहा है। मंदिरों के आसपास माला-फूल सहित खिलौने की दुकानें सजने लगी हैं। सीखड़, अदलपुरा स्थित शीतला धाम में नवरात्र मेला को देखते हुए तैयारियां तेज हैं। जिगना, छानबे क्षेत्र में अकोढी स्थित कंकाल काली, अरगीसरपत्ती पहाड़ी पर विराजमान नंदजा देवी, विजयपुर में शीतला माता, डेरवा में छोटी महरानी दुलारो माता, विजयपुर पहाड़ी पर दुर्गा मंदिर, श्रीनिवासधाम स्थित दुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में चैत्र नवरात्रि को लेकर साफ-सफाई जारी है।