अहरौरा। सोनपुर गांव में बिना मास्क पहने मनरेगा के तहत कार्य कर रहे श्रमिकों को देख सीडीओ अविनाश सिंह बिफर पड़े। उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दिया है। सीडीओ सोमवार को अहरौरा के हिनौता गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री आवास का औचक निरीक्षण करने निकले तो रास्ते मे चकरोड निर्माण के दौरान लापरवाही उजागर हुई।
लाभार्थियों के खाते में धन अवमुक्त किए जाने के बाद जांच करने सीडीओ अविनाश सिंह हिनौता ग्रामसभा पहुंचे और जांच किया मौके पर ही जल्द से जल्द आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए संबंधित को निर्देशित किया। सोमवार की शाम सीडीओ अविनाश सिंह हिनौता ग्रामसभा में मुख्यमंत्री आवास योजना की जांच करने के लिए निकले। इसी दौरान सोनपुर गांव में बिना मास्क पहने कुछ श्रमिक कार्य कर रहे थे। वही मौके पर सैनिटाइजर भी नहीं रखा था। सीडीओ ने मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि प्रमोद को लागबुक नहीं होने पर कड़ी फटकार लगाई। सीडीओ ने चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। इसके बाद वह हिनौता ग्रामसभा में पहुंच गए जहां मुख्यमंत्री आवास योजना के 21 चयनित लाभार्थियों के लिए बन रहे आवास की जांच की। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सभी लाभार्थियों का आवास कार्य पूर्ण होना चाहिए। लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।