लालगंज/मिर्जापुर। लालगंज क्षेत्र के कुशियरा जंगल में शनिवार की दोपहर पुलिस और एसओजी टीम के साथ मुठभेड़ में 20 हजार का इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार किया गया। पैर में गोली लगने से तस्कर घायल हो गया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर पशु तस्करों के खिलाफ अभियान चल रहा है। शनिवार को दोपहर में लालगंज पुलिस को सूचना मिल कि कुशियरा जंगल से होकर इनामी पशु तस्कर जाने वाला है। इसके बाद लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह और एसओजी की टीम कुशियरा जंगल पहुंची। पुलिस को देखकर पशु तस्कर ने तमंचे से फायर कर दिया। इस पर पुलिस ने तस्कर के दाएं पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घायल तस्कर आशीष कुमार बिंद, निवासी मचहां कुशहां, थाना जिगना को सीएचसी ले गई, जहां से उसे ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तस्कर के पास से एक तमंचा, एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया है। एएसपी आपरेशन ओपी सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आशीष लंबे समय से पशु तस्करी में लिप्त है। फरवरी में उस पर 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की गई है।