हलिया। क्षेत्र में एक भूखंड बेचने के लिए साजिश कर बैनामे के लिए पैसा लेने और पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में हलिया पुलिस ने शुक्रवार को पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई आईजी विंध्याचल परिक्षेत्र पीयूष श्रीवास्तव के निर्देश पर किया।
प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के खरका डाबर निवासी प्रेमशंकर सिंह ने आईजी विंध्याचल परिक्षेत्र को प्रार्थना पत्र दे कर बताया कि वह तमस ग्रीन इंफा प्राईवेट लिमिटेड का है। कंपनी के नाम से हलिया के गुर्गी में जमीन खरीदने के लिए प्रयागराज केे जार्च टाउन तिलक नगर निवासी राजेश कुमार, राकेश कुमार, बृजेश कुमार, गिरिजेश कुमार व दुर्गेश कुमार 30 लाख रुपये बैनामे के लिए 25 मई 2018 में चेक के माध्यम से दिया था। 30 जुलाई को चेक से 10 लाख रुपये दिए। इसके बाद 20 लाख रुपये नगद और पांच लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से दिया। जमीन की नाम व वन विभाग से सीमा निर्धारण के लिए 18 लाख रुपये कुल 98 लाख रुपये का भुगतान किया। जमीन बैनामा करने पर बाकी रुपये के भुगतान की बात कही तो विक्रेता हीलाहवाली करने लगे। जानकारी की तो पता चला कि जमीन विवादित है, मुकदमा भी चल रहा है। वन विभाग से भूमि का सीमा निर्धारण भी नहीं कराया गया है। विक्रेताओं के द्वारा इकरार नामे में उल्लेख किया था कि भूमि का कोई विवाद नहीं है। विक्रेताओं ने पैसा ले लिया और साजिश के तहत बैनामा नहीं कर रहे हैं। तीन जनवरी को भूमि के बैनामा के लिए राकेश को फोन किया तो वह जान से मरने की धमकी देने लगा। इस पर पुलिस ने पांचों भाइयों के खिलाफ साजिश के तहत बैनामे के लिए पैसा लेने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आईजी के निर्देशक पर पांच के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।