मिर्जापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के गांगपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य और शिक्षक के बीच हुए विवाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को दो पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
चुनार कोतवाली प्रभारी को दिए तहरीर में प्रधानाचार्य डाॅ. प्रवीण कुमार सिंह का आरोप है कि शिक्षक संत कुमार सिंह उनसे काफी दिनों से उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। शनिवार को उन्होंने गाली गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। जांच के लिए पहुंची पुलिस को प्रधानाचार्य ने साक्ष्य उपलब्ध कराया। उन्होंने एक अन्य शिक्षक पर शह देने का आरोप लगाया। वहींं, शिक्षक संत कुमार सिंह ने भी प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। कोतवाल रविंद्र भूषण ने बताया कि दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद ने प्रधानाचार्य पर हमले की निंदा करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक से कार्रवाई करने की मांग की है।