विंध्याचल। अष्टभुजा देवी के दर्शन कर पहाड़ से नीचे आते समय बृहस्पतिवार को सुबह कार करीब 40 फीट नीचे खाई में गिर गई। राहगीरों ने कार सवार चार लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया।
बिहार के पटना गरदानी बाग निवासी आशुतोष कुमार रंजन अपने परिवार के सदस्यों के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए आए थे। सुबह विंध्याचल दर्शन के बाद अष्टभुजा देवी दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय डाक बंगला रोड से नीचे उतर रहे थे कि कार की स्टियरिंग जाम हो गई और कार अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट नीचे खाई में गिर गई। सड़क से जा रहे राहगीरों ने कार सवार चार लोगों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। इस हादसे में कार में सवार आशुतोष सिंह (40) पुत्र रामआसरे सिंह, ममता सिंह (36) पत्नी आशुतोष सिंह घायल हो गईं। आशुतोष सिंह के बच्चे आराध्या रंजन (13), अनय रंजन (6) को हल्की चोटें आईं। एबुंलेंस से घायलों को सीएचसी भेजकर उपचार कराया गया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने क्रेन की मदद से कार को खाई से बाहर निकलवाया।