मिर्जापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्राम प्रधानी के चुनाव के लिए भावी प्रत्याशी खासे सक्रिय हो गए हैं। ग्राम प्रधान पद से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख से लेकर वार्ड मेंबर तक के प्रत्याशी जी जान से जुट गए हैं।
अधिकतर उम्मीदवार इस समय हाईटेक हो गए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता काफी बढ़ी है। किसी- किसी उम्मीदवार ने तो अपने सोशल मीडिया के लिए घर के ही किसी युवा को लगा दिया है जो दिनरात व्हाट्सएप व फेसबुक जैसे सोशल प्लेटफार्म का प्रयोग चुनाव प्रचार के लिए कर रहा है। यह अलग बात है कि यह तय नहीं है कि इसका लाभ उम्मीदवार को मिलेगा कि नहीं। वे इसके लिए चिंतित है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि चुनाव आयोग इसको भी उनके प्रचार के खर्च में शामिल कर लेगा। इसके साथ ही चुनाव की तैयारियों में जुटे लोग खर्च को लेकर चितित हैं। हालांकि इस बार निर्वाचन आयोग ने कई बंदिश भी लगा दी हैं और जिला निर्वाचन विभाग को निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर गाइड लाइन जारी कर दी है। पंचायत चुनाव का नाम जितना छोटा है उतना ही चुनाव का हिस्सा बढ़ा है और खर्चा ज्यादा होता है।