मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव निवासी तीन चचेरे भाइयों की हत्या कर बंधी में फेंकने के मामले का पुलिस शुक्रवार को खुलासा कर सकती है। इस मामले में महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस के हाथ लगे हैं। मृत किशोरों में से एक के मित्र ने पूछताछ में अहम जानकारी दी है। उसने बताया कि तीनों किसी से मिलने गए थे। हो सकता है कि उन्हीं के परिजनों ने हत्या कर दी हो। जानकारी के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को उठाया है। गांव के कुछ लोगों पर पुलिस को शक है।
मंगलवार को लापता हुए तीन किशोरों के शव बुधवार को मिले थे। इनकी डूबने से मौत होने की बात किसी को पच नहीं रही थी। लोगों को हत्या किए जाने की आशंका थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो गया कि तीनों किशोरों की हत्या की गई थी। रिपोर्ट में सामने आया है कि तीनों किशोरों की डूबने से नहीं, बल्कि आंख में चाकू या नुकीले हथियार से वार के चलते रक्तस्राव से मौत हुई है। पुलिस ने दोस्त से मिले इनपुट के आधार पर इलाके से चार लोगों को उठाया है। पूछताछ की जा रही है।