मिर्जापुर। धान खरीद में सदर तहसीलकर्मी पर लापरवाही का आरोप मढ़ते हुए वृहस्पतिवार को सिटी विकास खंड के देवरी गांव के ग्रामीणों ने नगर मजिस्ट्रेट का घेराव किया। नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
जिला मुख्यालय पर हुए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा धान की बिक्री में रजिस्ट्रेशन व लेखपाल की ओर से सत्यापन न होने से धान की बिक्री नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि चकबंदी आयुक्त की ओर से देवरी की चकबंदी निरस्त कर सदर तहसील को वापस लौटा दी गई है। लेकिन एक वर्ष व्यतीत हो जाने के बावजूद खतौनी का कंप्यूटर फीडिंग कार्य नहीं होने से धान की बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन व लेखपाल की ओर से सत्यापन कार्य नहीं किया जा रहा है। धान की बिक्री न होने से औने-पौने दामों पर किसान व्यापारियों के हाथों बेचने के लिए मजबूर हैं। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है। इस दौरान विनोद कुमार सिंह, शिवधारी बिंद, रामेश्वर बिंद, दीनानाथ, त्रिपुरारी उपाध्याय, कुलदीप तिवारी, आशीष बिंद आदि उपस्थित रहे।