मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव की घटना
जिगना (मिर्जापुर)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में सोमवार की शाम बाइक सिखाने के बहाने एक युवक ने प्रिंस बिंद (12) का अपहरण कर लिया। प्रिंस के दादा रामदास के अनुसार, एक रिश्तेदार ने 50 लाख रुपये फिरौती मांगे जाने की जानकारी दी है। पिता केशव प्रसाद बिंद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। स्वाट, सर्विलांस और विंध्याचल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बारे में जानकारी मिल गई है।
एएसपी सिटी योगेंद्र सिंंह के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी रामदास बिंद ने बताया कि पुत्र केशव प्रसाद बिंद मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर बिहसड़ा इंटरमीडिएट काॅलेज के पास चाय-पान, नाश्ते की दुकान चलाता है। बताया कि एक युवक पांच दिन से दुकान पर आकर बैठता था। परिवार का हाल-चाल लेता था। सोमवार को शाम चार बजे युवक पौत्र प्रिंस बिंद को बाइक सिखाने के बहाने बाइक से लेकर बिहसड़ा बाजार की ओर चला गया। रात नौ बजे तक परिजन इंतजार करते रहे। न आने पर खोजबीन करने लगे। फिर डायल 112 और विंध्याचल थाने में शिकायत की। प्रिंस माता-पिता का इकलौता पुत्र है। रामदास ने बताया कि दो माह पहले उन्होंने 50 लाख रुपये की जमीन बेची थी। इसकी जानकारी आरोपी युवक को भी हो गई थी। रामदास के अनुसार, एक रिश्तेदार ने बताया कि 50 लाख रुपये फिरौती की मांग की जा रही है।
-
अपहरण से पहले आरोपी के मोबाइल से प्रिंस ने दादा को किया था फोन
जिगना। अपहरण की घटना से पहले मां के कहने पर प्रिंस ने आरोपी युवक का मोबाइल लेकर अपने दादा रामदास बिंद को फोन करके खाना खाने के लिए दुकान पर बुलाया था। परिजनों ने आरोपी का मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया है।
-
वर्जन ...
प्रिंस के पिता की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में सीओ सिटी व सीओ ऑपरेशन के साथ विंध्याचल थाना पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम को लगाया गया है। पिंटू नामक आरोपी के बारे में पता चला है। बालक की तलाश की जा रही है। अभी फिरौती मांगने की कोई सूचना नहीं है। - योगेंद्र सिंंह, एएसपी सिटी।