मड़िहान थाना क्षेत्र के बरदहवा नाले के पास रविवार को भोर में बोलेरो अनियंत्रित होकर नाले में चली गई। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों को हल्की चोटें आईं। उनका पास के अस्पताल में उपचार कराया गया।
प्रयागराज के मांडा रानी तालाब निवासी मोहम्मद गौस (36) अपने साले खलील अहमद (38) निवासी नई बाजार राबर्ट्सगंज के साथ बोलेरो से डाला किसी काम से जा रहे थे। रविवार को भोर में करीब तीन बजे मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी बरदहवा नाले के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। नाले में पानी भरा होने से बोलेरो का आधा हिस्सा पानी में डूब गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से बोलेरो सवार दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। दोनों को हल्की चोट लगी थी। ग्रामीणों की मदद से कलवारी प्राइवेट अस्पताल में उनका उपचार कराया गया। सूचना पर परिजन पहुंचे।