जिले की अपना दल सांसद अनुप्रिया पटेल को केंद्र की एनडीए सरकार में मंत्री बनाने की खबर लगते ही अपना दल कार्यकर्ताओं ने भरुहना स्थित सांसद के जनसंपर्क कार्यालय पर पहुंच कर जश्न मनाया। बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाई खिला कर एक दूसरे का मुंह मीठा कर बधाई दी।
चुनार, मड़िहान और मवैया में भी कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी में मिठाईयों का आदान प्रदान किया।
अपना दल के भरुहना स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय पर सुबह ही कार्यकर्ताओं के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया था। बारिश के बीच भी कार्यकर्ता जसंपर्क कार्यालय पहुंचते रहे।
टीवी पर अपनी नेता को शपथ ग्रहण करते देख कार्यकर्ता रोमांचित हो गए और जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। पटाखे फोड़े गए और मिठाईयां बांट कर खुशियों का इजहार किया गया। अपना दल के जिलाध्यक्ष रमाकांत पटेल ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं के अंदर खुशी का संचार हुआ है।
कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा अपना दल की सरकार बनेगी। कहा कि बहुत दिनों बाद मिर्जापुर जिले को सरकार में भागीदारी मिली है इससे जिले के विकास का रास्ता प्रशस्त होगा। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगाए।
खुशी जाहिर करने वालों में डा. शिवप्रसाद विश्वकर्मा, मेघनाथ पटेल, कुतुम सोनकर, उदय पटेल, सतीश चंद्र सिंह, सत्यनारायण पटेल, डा. अनिल सिंह, आनंद सिंह, गोपाल दास शर्मा, संजय उपाध्याय, बसंत लाल पाल, कन्हैया लाल पटेल आदि रहे।
चुनार विधान सभा क्षेत्र में अद कार्यकर्ताओं ने सांसद अनुप्रिया पटेल को राज्य मंत्री बनाने पर खुशी का इजहार किया। इस दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मिठाई बांटी गई।
खुशी मनाने वालों में डा. अनिल सिंह,त्रिलोक सिंह, मेघनाथ पटेल, उदय पटेल, शैलेष विक्रम, आदि रहे। मड़िहान क्षेत्र में अध्यक्ष अर्जुन पटेल ने मिठाइयां बांटी। कोन ब्लाक स्थित मिश्रीलाल इंटर कालेज मवैया में सांसद को मंत्री बनाये जाने की खुशी में मिठाइयां बांटी गईं। इस दौरान अनुराग सिंह, प्रमोद सिंह, सतीश सिंह मौजूद रहे।