चुनार । नगर पालिका बोर्ड की बैठक गुरुवार को पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सफाई निरीक्षक मिथिलेश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर के प्रत्येक घरो से निकले हुए गीले व सूखे कूड़े को सफाई कर्मियों द्वारा एक निश्चित स्थान पर रख कर उसे नष्ट करने का आदेश हुआ है। यह व्यवस्था ठेकेदार के माध्यम से किया जायेगा। घरों से निकले हुए कूड़े को निश्चित स्थान तक ले जाने के एवज में गृह स्वामियों को ठेकेदार को बीस से तीस रुपये सालाना भुगतान करना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक घरों के सेप्टिक टैंक से तीन साल पर मल को निकाल कर स्टेशन रोड पर स्थापित हो रहे सेफ्टी टैंक मे रख कर उसका खाद बनाया जाएगा। जिसका क्षेत्र के किसानों को अच्छा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही टैंक खाली कराने पर घर के मुखिया को दो से तीन हजार रुपये तीन वर्ष पर भुगतान करने की बात कही। जिस पर सभी सभासदों ने कहा कि इतना भुगतान नगर पालिका क्षेत्र के गरीब मजदूर वहन नहीं कर सकते और इस विषय पर अगले बैठक मे विचार विमर्श कर निर्णय लिये जाने की बात रखी। अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह ने बताया कि नगर मे जितने भी दुकानदार हैं, उनको अपने प्रतिष्ठान का पंजीयन कराना होगा। व्यवसाय के हिसाब से प्रत्येक वर्ष कर जमा करने होगे। जिसकी जानकारी समाचार पत्र व प्रचार के माध्यम से दुकानदारों को दी जाएगी। छुट्टा पशुओं की शिकायत मिलने पर उन्होंने कहा कि सड़क पर यदि सूकर घुमते नजर आयेंगे तो पशु पालक को पांच हजार रुपये जुर्माना देने का प्रस्ताव पारित किया गया है। पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद ने बताया कि नगर मे 15 स्थानों पर सुलभ शौचालय स्थापित हैं। इन शौचालयों को टेंडर के माध्यम से दिया जायेगा, जिससे नगर पालिका की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। बैठक के दौरान टेकौर मे स्थित शादी घर को बुक कराने के लिए दस हजार रुपये का प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित हुआ। सभासद समर्थ सिंह ने सड़क पर लाईट की व्यवस्था कराने व मेले के दौरान मोबाइल शौचालय लगाने की मांग किया। सभासद रुबी ने मुहल्ले की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। बैठक के दौरान सासंद प्रतिनिधि अकील अहमद सहित सभासद राजेश कुमार राजू, जितेन्द्र कुमार, कुँवर प्रताप सिंह, सूर्यबली यादव, मुख्तार अहमद, विक्रम यादव करतार सिंह, गौतम व नगर पालिका के अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।