मॉडल के रूप में डिप्टी हेड ने किया मूल्यांकन
जिले में यूपी बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन चार केंद्रों पर बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन 15 टेबुलों पर 345 कापियों का मूल्यांकन किया गया। बुधवार को डिप्टी हेड ने मॉडल के रूप में कापियों का मूल्यांकन किया। वहीं केंद्राध्यक्षों ने डिप्टी हेड और परीक्षकों को बोर्ड के दिशा निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। परीक्षकों को बताया गया कि एवार्ड ब्लैंक भरते समय परीक्षक व्हाइटनर का प्रयोग कदापि न करें।
जिले में बोर्ड कापियों के लिए चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें एएस जुबिली इंटर कालेज और बीएलजे इंटर कालेज में इंटरमीडिएट और राजस्थान इंटर कालेज तथा स्व. कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज में हाईस्कूल की कापियों का मूल्यांकन हो रहा है। मूल्यांकन के लिए इस बार 1431 परीक्षक और 158 डिप्टी हेड लगाए जा गए हैं। एएस जुबिली इंटर कालेज के केंद्राध्यक्ष निजामुददीन ने बताया कि मूल्यांकन के लिए 40 डिप्टी हेड और 358 परीक्षक लगाए गए हैं।
पहले दिन 15 टेबुलों पर 345 कापियों का मूल्यांकन किया गया।
बीएलजे इंटर कालेज के केंद्राध्यक्ष श्यामजी सोनी ने बताया कि मूल्यांकन के लिए 40 डिप्टी हेड और 363 परीक्षक लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन 20 डिप्टी हेड ने कापियां जांचीं। हाईस्कूल के लिए राजस्थान इंटर कालेज में कापियों का मूल्यांकन हो रहा है। अशोक शुक्ला ने बताया कि मूल्यांकन के लिए 38 डिप्टी हेड और 317 परीक्षक लगाए गए हैं। पहले दिन 500 कापियाें का मूल्यांकन किया गया। इसी प्रकार स्वं कांशी राम राजकीय बालिका इंटर कालेज की केंद्राध्यक्ष अनिता यादव ने बताया कि मूल्यांकन कार्य में 40 डिप्टी हेड और 393 परीक्षक लगाए गए हैं।