राजगढ़। पत्नी और बच्चे को लेकर बाइक से बुधवार को सुबह वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे युवक को राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़ नहर के पास पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और पुत्र घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के नऊतलवा निवासी छोटू पाल (25) पत्नी आरती (22) और तीन वर्षीय पुत्र आर्यन को लेकर बाइक से तेंदुहवा वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में राजगढ़ नहर के पास पीछे से आ रहे कार सवार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर पहुंचाया गया। जहां छोटू पाल की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान छोटू पाल की मौत हो गई। पत्नी और बच्चे का ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर में उपचार चल रहा है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।