विंध्याचल के सगरा के पास हादसे में मृत सुनील पटेल के परिजन। स्रोत- संवाद
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सगरा गांव के पास शुक्रवार की रात सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल से बात कर रहे बाइक सवार को कार ने टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीट ले गया। हादसे में बाइक सवार सुनील पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया वहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी दिलीप कुमार पटेल ने बताया कि उसके साथ सुनील कुमार पटेल (30) और धीरेंद्र कुमार पटेल नेटवर्किंग का काम करने के लिए शुक्रवार को पड़री थाना क्षेत्र के दाढ़ीराम गए थे। देर शाम वहां से दो बाइक से तीनों घर लौट रहे थे। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सगरा कंतित के पास बाइक खड़ा कर लघुशंका के लिए गए। सुनील मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान मिर्जापुर से प्रयागराज की ओर जा रही कार ने टक्कर मार दी। कार सुनील को घसीटते कुछ दूर ले गई। कार चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। सुनील को अस्पताल ले जाने पर डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सुनील तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसे दो पुत्री है। विंध्याचल थानाध्यक्ष अविनाश प्रकाश राय ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बाइक से गिरकर दो लोग घायल-राजगढ़। करौदा पहाड़ी पर शुक्रवार की रात ट्रक की लाइट से चौंधियाकर अलग-अलग बाइक सवार दो लोग गिरकर घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राजगढ़ में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष राजगढ़ वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि राजगढ़ थाना क्षेत्र के करौदा गांव निवासी रमेश पटेल (58) व मगरदहा निवासी महेंद्र (50) शुक्रवार की रात बाइक से गृहस्थी का सामान लेने ददरा बाजार आए थे। लौटते समय करौदा पहाड़ी पर सामने से आ रहे ट्रक के रोशनी से आंखें चौंधियाने पर दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।