राजगढ़। ददरा पहाड़ी गांव के पास मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर शुक्रवार की रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पिता और पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुत्र को ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। दूसरे घायल का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
सेमरी गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश अपने 10 वर्षीय पुत्र विकास व 20 वर्षीय दिनेश को लेकर बाइक से अपने ससुराल मड़िहान गए थे। शुक्रवार की शाम अपने ससुराल से बाइक से घर सेमरी लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे रास्ते में ददरा पहाड़ी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी राजगढ़ लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण कर रमेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विकास को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। घायल दिनेश का सीएचसी राजगढ़ में इलाज चल रहा है। राजगढ़ थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो लोग घायल हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।