अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हनुमान घाटी के पास बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक पर पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई जबकि बेटा घायल हो गया। गंभीर हालत में घायल को ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया है।
सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज के न्यू कॉलोनी निवासी हृदयनाथ पांडेय (75) अपने बेटे मनीष पांडेय (40) के साथ बुधवार को बाइक से डगमगपुर से अपने घर जा रहे थे। हनुमान घाटी के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी, जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हृदयनाथ पांडेय को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल मनीष को ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से पिता की मौत हो गई है। घायल बेटे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं, ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।