मड़िहान। ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाला युवक काम के लिए बाइक से अपने साथी के साथ ट्रक मालिक के घर जा रहा था। रास्ते में मड़िहान थाना क्षेत्र के सहबवा मोड़ के पास बृहस्पतिवार को दोपहर बाद किसी वाहन से टक्कर लग गई। इस हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया।
सोनभद्र जनपद के भरकवाह गांव निवासी 22 वर्षीय आकाश मौर्या देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा निवासी एक व्यक्ति का ट्रक चलाने का काम करते थे। बीते दिनों वे घर आए थे। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद वे अपने साथी 19 वर्षीय अमित विश्वकर्मा पुत्र रमेश विश्वकर्मा निवासी अरंगी थाना शाहगंज के साथ ट्रक चलाने के लिए बरकछा जा रहे थे। रास्ते में सहबवा मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार दोनाें लोग घायल हो गए। स्थानीय लोग घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाते, तब तक बाइक चला रहे आकाश मौर्या की मौत हो गई। उसका साथी अमित विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गई। जहां से उसे ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। एक युवक घायल हो गया।