चुनार थाना क्षेत्र के चक गम्भीरा के पास रविवार की रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि पीछे बैठा दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को दवा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरिया गांव निवासी चंदन पटेल (36) पुत्र लाल बहादुर व गांव के ही प्रदीप पटेल (34) पुत्र लालचंद के साथ अपनी बाइक से रविवार की शाम चुनार थाना क्षेत्र के बल्लीपुर स्थित गांव में अपने खेत पर आए थे। वापस लौटते समय देर शाम वह चक गम्भीरा गांव के पास पहुंचे थे कि चुनार से सक्तेशगढ़ की ओर जा रही ट्रैक्टर ने ओवरटेक करते हुए सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दिया। जिससे मौके पर ही बाइक सवार चंदन पटेल की मौत हो गयी। पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। चंदन का विवाह तीन वर्ष पूर्व हुआ था। उससे दो वर्ष का एक पुत्र है। वह दो भाइयों में बड़ा था। बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए था।