जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा-लालगंज मार्ग पर सोमवार की रात कर्णावती नदी कठवैइया पुल पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे मंडलीय अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मंगलवार को ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के कोलाही गांव निवासी सुभाष केशरवानी (40) जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ गांव स्थित अपने सुराल में परिवार के साथ रहते थे। सोमवार की शाम घर से विजयपुर जाने व फिर कोलाही जाने की बात कह कर निकले। गैपुरा-लालगंज मार्ग पर कर्णावती नदी कठवैइया के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे सुभाष घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। सूचना पर पहुंची गैपुरा पुलिस ने घायल को सर्रोई अस्पताल भेजा। जहां से मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल में हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर पाते ही पत्नी आशा देवी, पुत्र अनिल कुमार, सुनील कुमार व गणेश, दो पुत्रियों का रो-रो कर बुरा हाल है। गैपुरा पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।