अदलहाट। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्ति नगर राजमार्ग पर स्थित टेङुआ बीर मंदिर के पास बुधवार की सुबह टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक परिजनों को सूचना दी।
जमालपुर थाना क्षेत्र के हरदी सहजनी गांव निवासी थानेश्वर कुमार (36) के पिता सूबेदार बिंद होमगार्ड हैं। जो मिर्जापुर में कार्यरत हैं। थानेश्वर प्रतिदिन की तरह बुधवार की सुबह बाइक से अपने पिता सूबेदार बिंद को छोड़ने नरायनपुर आया था। वह अपने पिता को नरायनपुर छोड़कर घर वापस लौट रहा था। वह टेड़ुआ बीर मंदिर के पास पहुंचा था तभी सोनभद्र की तरफ से अलीनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार टैंकर ने धक्का मार दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। इससे उसके सिर में चोट लगी। इसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर टैंक की पड़ताल में जुट गई।