अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर महुली चौराहा के पास रविवार की रात साढ़े 10 बजे खान स्टोन कटर प्लांट के सामने सड़क के किनारे खड़े ट्रक से बाइक सवार मुन्ना साहनी (38) टकरा गया। ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र के बगहिया जिगना निवासी मुन्ना साहनी बाइक से घर जा रहा था। महुली चौराहे के आगे खान स्टोन के पास खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया। इसमें वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई। वहां से डाॅक्टर ने ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पिता मुन्नू साहनी ने बताया कि पुत्र की उपचार के दौरान वाराणसी में मौत हो गई।
हादसों में दो बच्चों सहित छह घायल
राजगढ़। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर रविवार की रात सड़क हादसों में दो बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।
मड़िहान थाना क्षेत्र के पचोखरा गांव निवासी सूरज (10) अपनी बहन सपना (7) के साथ ताजिया देखकर साइकिल से रात आठ बजे घर जा रहा था। लालपुर के पास पीछे से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें भाई-बहन घायल हो गए। दूसरी घटना में तिलौली गांव निवासी अटल बिहारी (32) व विकास (20) रविवार की रात 11 बजे बाइक से नदीहार बाजार से घर जा रहे थे। सामने से आ रहे ट्रक की रोशनी से आंखें चौंधिया गईं और दोनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
तीसरी घटना में सिलहता गांव निवासी अनिल (33) सरंगा बाजार से घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे महुआरिया निवासी शिवकुमार (28) की बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार घायल हो गए। जानकारी होने पर परिजनों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। अनिल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।