पड़री। विकास खंड पहाड़ी के टोंगा ग्राम पंचायत में बुधवार को विकास की कई सौगातें मिलीं। भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने यहां एक करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत की 15 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
ग्राम प्रधान ब्यास जी बिंद ने बताया कि मनरेगा और राज्य वित्त योजना के तहत यह विकास कार्य कराए गए हैं। पड़री बाजार में वाटर कूलर, शौचालय और मिनी पार्क का उद्घाटन किया गया। प्रमुख बाजार, थाना, ब्लॉक, अस्पताल और बैंक जैसे संस्थानों के केंद्र होने के बावजूद पेयजल और स्वच्छता की कमी झेल रहे ग्रामीणों को इससे राहत मिलेगी।
शिवलोक में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित खेल मैदान, चंदलेवा में सीसी रोड, दाढ़ीराम रोड पर इंटरलॉकिंग, प्राथमिक विद्यालय में सीसी रोड और इंटरलॉकिंग कार्य, सीएससी भवन, विंध्य स्वच्छता प्रतिष्ठान और कूड़ा संग्रहालय सहित कुल 15 विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया।
सांसद ने कहा कि देश की ज्यादा आबादी गांवों में रहती है। गांवों का सर्वांगीण विकास ही देश के विकास की नींव है। इस दौरान जिला प्रभारी रामदेव सरोज, राकेश यादव, पूर्व प्रमुख मोतीलाल बिंद, मंटू चौबे, शिवबाबा, रामसागर भारती आदि मौजूद रहे।