जिला बेसिक शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद ने शुक्रवार को जिले के 10 खंड शिक्षाधिकारियों का मई माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। यह कार्रवाई स्पोर्ट्स ग्रांट एवं कंपोजिट ग्रांट का उपभोग प्रमाणपत्र प्रेरणा पोर्टल एवं कार्यालय में उपलब्ध न कराने पर की गई है। इसमें सीखड़, जमालपुर व मझवां के बीईओ शामिल नहीं हैं।
बीएसए ने बताया कि स्पोर्ट्स ग्रांट की धनराशि जिले के सभी 1806 विद्यालयों को भेजी गई है। लेकिन इसका उपभोग प्रमाणपत्र मात्र 197 विद्यालयों ने ही खेलकूद सामग्रियों का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर उपलब्ध डीसीएफ पर अपलोड कराया गया है। इसके पूर्व भी निर्देश दिया गया था कि 15 मई तक शत प्रतिशत उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाय लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ। इसी प्रकार कंपोजिट ग्रांट की धनराशि का विवरण अपलोड नहीं कराया गया है। कहा गया कि सभी खंड शिक्षाधिकारी शुक्रवार की शाम तक उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराते हुए 30 मई तक पोर्टल पर शत प्रतिशत अपलोड कराएं।