ड्रमंडगंज। फॉरेस्ट रेंज ड्रमंडगंज के वन क्षेत्र में लगी भीषण आग को बुझा पाना वन विभाग के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। वन विभाग ने अब आग पर काबू पाने के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया है। पिछले तीन दिनों से ड्रमंडगंज रेंज की सैकड़ों फीट ऊंची पहाड़ी श्रृंखला के घनघोर जंगल में लगी आग निरंतर प्रयास के बाद भी बुझने का नाम नहीं ले रही है। आग पर काबू पाने के लिए बुधवार रात से ही प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी सहित वन विभाग की टीम के साथ दिन-रात आग बुझाने की कोशिस कर रहे हैं। लेकिन दुर्गम वन क्षेत्र होने की वजह से जंगल में लगी आग को काबू करने में सफलता नहीं मिल पा रही है।
शुक्रवार को एसडीएम लालगंज अमित कुमार शुक्ल ने भी हलिया तथा ड्रमंडगंज पुलिस के साथ मौके पर जाकर जंगल में लगी आग की भयावहता को देखा। एसडीएम ने जंगल में लगी आग के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्काल चिन्हित कर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। ड्रमंडगंज रेंज के जंगल में लगी आग करीब 20 किलोमीटर क्षेत्र में फैले लहुरियादह, बबुरा रघुनाथ, करनपुर, इंद्रवार, बंजारी तथा डिभोर जंगल को भी अपनी चपेट में ले लिया है। आग लगने से बड़ी संख्या में पेड़ पौधों के जलने के साथ-साथ जंगल में निवास करने वाले अनगिनत जंगली पशु पक्षियों पर भी खतरा मंडराने लगा है। प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम ड्रमंडगंज के लिए रवाना कर दी गयी है। जंगल में लगी भीषण आग की भयावहता को देखते हुए जंगल से सटे गांवों के लोगों को भी एलर्ट कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक बताया गया कि एनडीआरएफ की टीम के शाम तक यहां पहुंचने की संभावना है।