विकास भवन के सभागार में किसान दिवस पर आयोजित बैठक के दौरान किसान हित के कई बिंदुआें पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने ग्रामीण विद्युत व्यवस्था के विसंगतियाें के संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सभी अधिकारियाें को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया जाए। उन्हाेंने कहा कि किसानाें का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन नहराें की साफ-सफाई न हुई हो उसकी सफाई करा कर टेल तक पानी पहुंचाया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई समस्या से जूझना न पड़े।
उर्वरक के बारे में जिलाधिकारी ने कहा कि उर्वरक की कमी नहीं आने दी जाएगी, जल्द ही खाद की उपलब्धता करा दी जाएगी। डीएम ने उपजिला कृषि निदेशक एसपी श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि किसानाें की समस्याआें का त्वरित निस्तारण किया जाए और जो अधिकारी कार्य में शिथिलता बरत रहे हैं, उनको तलब किया जाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, उपजिला कृषि निदेशक, एआर कोआपरेटिव, पशुधन चिकित्साधिकारी, पीसीएफ के प्रबंधक, विद्युत, सिंचाई आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।