नगर के पालीटेक्निक स्थित मतगणना स्थल पर सोमवार की शाम सिटी दो से जिला पंचायत चुनाव लड़ रहे दो प्रत्याशी अपनी अपनी जीत का दावा ठोकने लगे। इस पर हंगामा खड़ा हो गया।
दोनों पक्षों के साथ अपने अपने प्रत्याशी की हार स्वीकार करने को तैयार नहीं थे। स्थिति बिगड़ते देख पूरा परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। उहापोह रात लगभग साढ़े नौ बजे समाप्त हो गया। इस सीट पर तुलसी बिंद ने सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव की पत्नी पुष्पा को 94 मतों से पराजित कर जिला पंचायत सदस्य की कुर्सी हथिया लिया।
सिटी दो से सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव की पत्नी पुष्पा देवी समेत एक दर्जन प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनावी मैदान में उतरे थे। सोमवार की देर शाम तुलसी बिंद की जीत की हवा चली तो उनके समर्थक झूम उठे लेकिन शाम होते जिलाध्यक्ष की पत्नी की जीत का दावा उनके समर्थक करने लगे। इससे वहां परिसर में हड़कंप मच गया।
दूसरे पक्ष के समर्थक हैरान हो गए। दोनों पक्षों के समर्थकों की ओर से अपने अपने प्रत्याशी की जीत का दावा ठोंकने की जानकारी होने पर प्रशासन मुस्तैद हो गया। आनन फानन में सीडीओ अमित कुमार समेत सीओ सदर और सीओ नगर मौके पर पहुंच गए। प्रतिष्ठापरक इस सीट पर परिणाम को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई थी।
कभी पुष्पा यादव के जीत की खबर आती थी तो कभी तुलसी बिंद की। दोनों के समर्थक काफी संख्या में मतगणना स्थल के बाहर मौजूद थे। समर्थकों के उग्र होने पर जिला प्रशासन ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए कई थानों की फोर्स वहां लगा दिया।