मिर्जापुर। छानबे विकास खंड के बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों की शनिवार को जांच की गई। विभाग की 10 टीमों ने विकास खंड के 60 विद्यालयों की जांच की। एक विद्यालय बंद पाया गया। कई शिक्षक, शिक्षामित्र अथवा अनुदेशक अनुपस्थित थे। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया और एक दिन का वेतन रोका गया।
डीसी एमडीएम रविंद्र मिश्रा की टीम ने प्राथमिक विद्यालय छोटी सिंहावल, कुशहां, मछहां, बघेड़ा खुर्द व पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुशहां का निरीक्षण किया। छोटी सिंहावल का वद्यिालय बंद पाया गया। इस पर वहां तैनात सभी अध्यापकों व शिक्षामित्र का अगस्त माह का वेतन रोकने की संस्तुति की गई। इसी प्रकार अन्य विद्यालयों में अनुपस्थित अध्यापक व शिक्षामित्र व अनुदेशक का वेतन रोकने व स्पष्टीकरण की बात की गई। खंड शिक्षाधिकारी राममिलन यादव, बृजेश कुमार सिंह, विनोद कुमार मिश्र, महेंद्र मौर्य, अमरदीप जायसवाल, प्रदीप सिंह, प्रभाशंकर पांडेय, प्रेमशंकर राम व रमेश कुमार राय की टीम ने जांच की। कई जगहों पर अध्यापक अनुपस्थित मिले। सभी का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने की संस्तुति की गई। एमडीएम, कंपोजिट ग्रांट व अन्य मदों में खामियां मिली, संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा गया।