कोदवारी में आदिवासी परिवारों को उपहार बांटते मड़िहान भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह पटेल।-संवाद।
सक्तेशगढ़। राजगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के कोदवारी में राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की तरफ से प्रायोजित बाड़ी विकास समिति के तहत समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मड़िहान के भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे।
विधायक ने कहा कि बाड़ी विकास समिति से आदिवासियों का जीवन संवरेगा। मानवीय दृष्टिकोण से सेवा समिति की तरफ से क्षेत्र के आदिवासी और गरीब किसानों की अनुपजाऊ व बंजर भूमि को कृषि योग्य बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
इसके तहत पौधरोपण, बोरिंग और चहारदीवारी का निर्माण कराकर न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है, बल्कि आदिवासियों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने पिछड़े परिवारों और गरीब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन, कुकर एवं अन्य घरेलू उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया। विधायक ने कहा की हमारी सरकार और नाबार्ड जैसी संस्थाएं आदिवासियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। संवाद