-मणिपुर के खिलाड़ी को फाइनल में हराकर रचा इतिहास, विंध्याचल मंडल को पहली बार व्यक्तिगत स्पर्धा में मिला स्वर्ण पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
अदलहाट। खेतों में मजदूरी कर पेट पालने वाली मां के बेटे बादल ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया। रामपुर गांव निवासी और राजकीय हाईस्कूल भुइलीखास में कक्षा 10 के छात्र बादल ने दिल्ली में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालयीय थांग-ता प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
माइनस 56 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में उसने थांग-ता खेल की जन्मस्थली मणिपुर के खिलाड़ी को हराकर उपलब्धि हासिल की। जीत के साथ ही बादल का चयन आगामी दिसंबर में होने वाले खेलो इंडिया खेलो के लिए भी हो गया है। 31 अक्तूबर से पांच नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में मंगलवार को बादल ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले उसने पहले राउंड में तेलंगाना, दूसरे राउंड में मेजबान दिल्ली और सेमीफाइनल में ओडिशा के खिलाड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह ने बताया कि विंध्याचल मंडल के इतिहास में व्यक्तिगत स्पर्धा में यह पहला स्वर्ण पदक है। बादल की इस कामयाबी के पीछे उसकी मां चंदा देवी का संघर्ष और कोच सौरभ केसरी का मेहनत है। वर्तमान बादल अपने मामा संतोष सोनकर के साथ रामपुर गांव में रहता है। छह महीने पहले छोटे भाई की बीमारी से मौत ने परिवार को एक और गहरा आघात दिया था। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने भी बादल को बधाई देते हुए कहा कि गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना पूरे मड़िहान क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
मां की मेहनत और बेटे का संकल्प रंग लाया
बादल की मां चंदा देवी ने विपरीत परिस्थितियों में भी बेटे को खेल से दूर नहीं होने दिया। पति की मौत के बाद खेतों में मजदूरी कर परिवार चलाया और बेटे के अभ्यास में बाधा नहीं आने दी। आज बेटे की उपलब्धि ने उनके संघर्ष को एक नई पहचान दी है।
-
प्रतिभा को पहचानकर निखारा : कोच
कोच सौरभ केसरी ने बताया कि पहली बार बादल को खेलते देखा तो उसकी फुर्ती, गति और बॉडी मूवमेंट ने प्रभावित किया। फिटनेस टेस्ट में उसका न्यूरो-मस्कुलर कोऑर्डिनेशन बेहतर मिला। तभी उसकी प्रतिभा को निखारने का निर्णय लिया। आज बादल का राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए भी बड़ी उपलब्धि है।
अदलहाट राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बादल के स्वर्ण पदक जीतने पर घर पहुंचकर ग्रामीणों ने परिजनों को