सपा को डुबाने के लिए आजम खां ही काफी
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री और बीजेपी की फायर ब्रांड नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि आजम खां कब किसको क्या बोल दें कुछ कहा नहीं जा सकता है। विधान सभा सदस्य और मंत्री होने के नाते उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में सपा-बसपा आपस में लडे़ंगे। भाजपा की सरकार बनना तय है। कार्यकर्ता ही पार्टी का चेहरा होंगे। सुश्री निरंजन ज्योति शनिवार को विहिप नेता मनोज श्रीवास्तव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि आजम खां ने राज्यपाल के खिलाफ जिस भाषा का प्रयोग किया उसे मै ठीक नहीं मानती। कहा कि प्रदेश में केवल एक परिवार और सैफई का विकास हुआ है। एक तरफ जहां बुंदेलखंड में सूखा पड़ा है वहीं सैफई महोत्सव में पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है। कहा कि सपा सरकार ने बसपा सरकार की तर्ज पर ही शासन किया। दोनों पार्टियां केवल प्रदेश को लूट रही हैं। कोई किसानों तो कोई दलितों का मसीहा बनता है लेकिन हकीकत यह है कि किसानों के दुख में उनके घर कोई नहीं पहुंचता।
दलित की बेटी मायावती ने दलितों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। कहा कि बाबा साहब के नाम पर केवल वोट बटोरा गया और बसपा नेत्री बीजेपी पर बाबा साहब के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगा रही हैं। कहा कि बाबा साहब किसी पार्टी या जाति के नहीं थे उन्होंने पूरे देश एवं सभी जाती के गरीबों के लिए संघर्ष किया। ऐसे में उनके जन्मस्थली पर स्मारक बनवाने को राजनीति से जोड़ कर नहीं देखना चाहिए।