मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी के भक्तों को प्रसाद के साथ अब औषधि, सुगंधित फूलों और फलों के पौधे भी दिए जाएंगे। डीएम पवन कुमार गंगवार की पहल पर एक पेड़ मां विंध्यवासिनी के नाम से अभियान की शुरुआत वसंत पंचमी से होगी। प्रत्येक श्रद्धालु को दर्शन के बाद निकास द्वार गेट नंबर चार पर निशुल्क पौधा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ ही पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है।
उद्यान विभाग ने शुरुआत में तीन लाख पौधे बांटने का लक्ष्य रखा है। उपनिदेशक उद्यान मेवा राम ने बताया कि चिह्नित स्थल पर काउंटर आदि की तैयारी कर वसंत पंचमी से दो शिफ्टों में सुबह 6ः00 से दोपहर बाद 2ः00 बजे तक तथा दोपहर बाद 2ः00 बजे से रात 10ः00 बजे तक औषधि व सुगंधित फूलों के पौधे वितरित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अभियान के सिलसिले में विंध्य काॅरिडोर व मां विंध्यवासिनी मंदिर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने एक नंबर गेट पर सेफ हाउस कार्य देखा। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोवा लाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
दशकूप-समा वापी, दश वापी-समो ह्रद:। दशह्रदसम: पुत्रो दश पुत्र-सनो द्रुम:। दस कुओं के बराबर एक बावड़ी (छोटा तालाब) होती है, दस बावड़ियों के बराबर एक बड़ा तालाब होता है। दस तालाबों के बराबर एक पुत्र होता है और दस पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है। कुल मिलाकर पूरे अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण से जोड़ना और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। - पवन कुमार गंगवार, डीएम