मड़िहान थाना क्षेत्र के सोनभद्र-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर राजापुर के पास टकराई ट्रक। स्रोत संवाद
मड़िहान। थाना क्षेत्र के सोनभद्र-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक बजे राजापुर गांव के सामने पेट्रोल पंप के पास राख लदे ट्रक का टायर फटते ही सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि पंप कर्मियों की नींद उड़ गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोनभद्र के हिंदुआरी निवासी ट्रक चालक मनीष पाल (22) अपने खलासी श्रवण पाल (21) के साथ विंध्यनगर से ट्रक में राख लादकर जौनपुर जा रहा था। राजापुर गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही ट्रक का अगला टायर धमाके के साथ फट गया। स्टेयरिंग से नियंत्रण हटते ही बेकाबू ट्रक सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया। दूसरे ट्रक का चालक प्रयागराज के नवाबगंज निवासी शिवबाबू (40) रामपुर से अनपरा कोयला लोड करने जा रहा था। दोनों ट्रकों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि केबिन के परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारी दौड़े। तीनों घायलों को किसी तरह केबिन से बाहर निकाला गया। तीनों घायलों को आनन-फानन निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनीष, श्रवण और शिवबाबू को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घंटो तक आवागमन प्रभावित रहा।