मिर्जापुर। अधिवक्ता संघ सदर तहसील के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान कराया गया। इसमें अध्यक्ष पद पर अरविंद कुमार और सचिव पद पर अजय कुमार यादव ने जीत हासिल की। अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
अध्यक्ष पद के विजेता प्रत्याशी अरविंद कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेश कुमार तिवारी को 7 मतों से हराया। अरविंद को 30 मत मिले जबकि सुरेश कुमार तिवारी को 23 और शिवलाल गुप्ता को 20 वोट ही प्राप्त हुए।
इसी प्रकार सचिव पद पर अजय कुमार यादव ने अपने प्रतिद्वंदी जितेंद्र प्रताप भारती को 15 मतों से हराया। अजय कुमार को 44 और जितेंद्र प्रताप भारती को 29 मत मिले। चुनाव अधिकारी मनोज कुमार उपाध्याय ने बताया कि 82 मतदाताओं में से 74 ने मतदान किया। दो मत अवैध घोषित किए गए।
इनके अलावा अन्य पदों पर पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। उनमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रतन बिहारी राणा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर इंद्रजीत द्वितीय, कोषाध्यक्ष जय कुमार विश्वकर्मा और उप सचिव प्रशासन पद पर श्रीप्रकाश पांडेय निर्वाचित हुए।
चुनाव संरक्षक आनंद मोहन दुबे, चुनाव अधिकारी मनोज कुमार उपाध्याय, सहायक चुनाव अधिकारी अर्जन यादव, मुकेश कुमार उपाध्याय, लालबहादुर, एकलाख, संजय कुमार सिंह आदि थे।
परिणाम की घोषणा के बाद साथियों ने पदाधिकारियों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं, विजेता पदाधिकारियों ने कहा कि वे अधिवक्ताओंं के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहेंगे।