हलिया। गड़बड़ाधाम में अगहन शुक्ल पक्ष तिथि पर सोमवार को गवइअहवा मेले का आयोजन हुआ। जिला प्रशासन के अनुसार शाम तक एक लाख से अधिक देवी भक्तों ने मां शीतला के दर्शन किए।
सोमवार की भोर मंगला आरती के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए माता का दरबार खोल दिया गया। भोर से रात तक दर्शन पूजन का सिलसिला चलता रहा। सेवटी नदी में स्नान करने के बाद देवी भक्त नारियल, चुनरी, माला-प्रसाद लिए जयकारों के साथ कतार में लगकर अपनी बारी की प्रतीक्षा में लगे रहे। मेले में स्थानीय भक्तों के अलावा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के रीवां, सतना, सीधी, सिंगरौली तथा प्रयागराज, सोनभद्र, भदोही, वाराणसी आदि जिलों से भी श्रद्धालु आते रहे।
भीड़ नियंत्रण करने के लिए गड़बड़ा हनुमान मंदिर के पास, सेमरा रोड़ और अमदह मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका गया। मेले में बांस की टोकरी, लकड़ी के बेलन, खिलौना और लाई-ढूंढें की दुकानें सजी रहीं। संवाद