कछवां (मिर्जापुर)। थाना क्षेत्र के नारायनपुर निवासी सेना के जवान की राजस्थान में हादसे में मौत हो गई है। एक माह पहले वह एक सप्ताह की छुट्टी लेकर गांव आए थे। सूचना पर परिजन सोमवार की सुबह राजस्थान रवाना हो गए।
नारायनपुर गांव निवासी चंद्र प्रकाश पटेल (31) पुत्र राजनाथ पटेल का 2010 में भारतीय सेना में चयन हुआ था। इस समय वह राजस्थान के जयपुर सूरतगढ़ स्थित भारतीय आर्मी विभाग में तैनात थे। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी पत्नी स्नेहा पटेल और पुत्र अयांश पटेल उनके साथ रहते थे। घर पर माता-पिता और भाई का परिवार रहता है। सोमवार की सुबह चंद्र प्रकाश के भाई शिव प्रसाद को फोन पर सूचना आई कि चंद्र प्रकाश की हादसे में मौत हो गई है। मृतक के भाई शिव प्रसाद ने बताया कि अभी यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि हादसा कैसे हुआ है। वह राजस्थान रवाना हो गए हैं। बताया कि 17 दिसंबर को पार्थिव शरीर गांव पहुंचेगा। भाभी और बच्चे सड़क मार्ग से गांव आ रहे हैं।
..............................
देश सेवा के प्रति हमेशा समर्पित रहे चंद्र प्रकाश
कछवां। नारायनपुर गांव के शहीद चंद्र प्रकाश के दोस्तों ने बताया कि चंद्र प्रकाश बहुत ही सीधे और सरल थे। जब भी गांव आते तो देश के लिए कुछ करने की बात कहते। राष्ट्र के प्रति हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की बात कहते।