मिर्जापुर। सावन के पहले सोमवार को हुई भारी बारिश और जलभराव के चलते डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने न्यायालयों से वादकारियों और अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति पर प्रतिकूल आदेश न पारित करने की अपील की है।
सोमवार को बार एसोसिएशन की आवश्यक बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया। अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन सचिव जंग बहादुर सिंह ने किया। बैठक में कहा गया कि भारी बारिश से जिला मुख्यालय और दीवानी न्यायालय परिसर तक पहुंचने में अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके चलते कई लोग समय पर न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सके। बार एसोसिएशन ने जिला जज से अनुरोध किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी मुकदमे में अधिवक्ता या पक्षकार की अनुपस्थिति को आधार बनाकर कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए।