क्राइम ब्रांच व कटरा तथा नटवां चौकी की पुलिस ने गुरुवार की रात नटवां स्थित सेमफोर्ड स्कूल पुलिया के पास से चोरी की बाइक को बेचने आए अंतर्जनपदीय मोटर बाइक चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन साथी फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद की गई हैं। आरोपी जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि पिछले दो माह में कटरा कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड, शहर कोतवाली के कचहरी रोड तथा विंध्याचल से पांच बाइक चोरी हुईं। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आशुतोष शुक्ला व सीओ नगर बृजेश तिवारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच प्रभारी विजय प्रताप, कटरा कोतवाल अजय श्रीवास्तव तथा सर्विलांस के अभिनव वर्मा व अजय यादव की टीम गठित की गई थी, जिससे इन मामलों का खुलासा करने को कहा गया था। गुरुवार की रात नटवां चौकी प्रभारी पंकज सिंह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे तभी बाइक चोरों के नटवां इलाके में कुछ बाइक बेचने की सूचना मिली।
उसके बाद टीम ने घेराबंदी कर विपिन पांडेय निवासी विरौरा, थाना विंध्याचल को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके तीन अन्य साथी फरार हो गए। आरोपी बताया कि वह अपने साथी राकेश मौर्या, अखिलेश शुक्ला, सत्यप्रकाश पांडेय समस्त निवासी मांडा खास, जनपद इलाहाबाद के साथ बाइक चोरी करता था। वे बाइक को पांच हजार रुपये में इलाहाबाद ले जाकर बेचता देते थे। पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को दो हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। गिरफ्तार बदमाश के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।