केएमपीजी काॅलेज में छात्रसंघ चुनाव में विजयी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व मंत्री प्रमाणपत्र के साथ।
न कोई शोर शराबा न हंगामा और छात्राओं ने विभिन्न पदों के लिए अपना नेतृत्व चुन लिया। नगर के कमला आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को हुआ छात्रसंघ चुनाव आम अन्य छात्रसंघ चुनाव से हट कर था। छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिसमें 93 मत प्राप्त कर अंतिमा सिंह अध्यक्ष और 175 मत पाकर खुशबू शर्मा उपाध्यक्ष बनीं। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव अधिकारी नीलम कुमारी ने शपथ दिलाया।
सुबह से ही केएम कॉलेज में चुनावी माहौल बन गया था लेकिन कोई शोर-शराबा या हंगामा नहीं था। हालांकि अपने पसंदीदा नेता के चुनाव के लिए छात्राओं में कानाफूसी शुरु हो गई थी। मतदान का समय शुरु होते ही छात्राओं ने कतारबद्ध हो कर अनुशासन में बारी बारी से अपना मत पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में डाला। चुनाव अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अंतिमा सिंह को 93 मत, कुमार आकृति 75 अंक पाकर दूसरे स्थान और पूजा मौर्य 65 अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं।
उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर खुशबू शर्मा 175 मत पाकर विजयी रही जबकिं शालिनी सिंह को महज 44 मत ही मिला। सहायक चुनाव अधिकारी डा. नीलू कपूर ने महामंत्री पद पर संध्या विश्वकर्मा और पुस्तकालय मंत्री कनक सिंह निर्विरोध चुनी गईं। प्राचार्य डा. उषा रानी ने बधाई दी। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान डा. ओम प्रकाश मलिक, डा. सुनीता राय, डा. कलावती, डा. शिवांगी सिंह, गोविंद मिश्रा, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।