मिर्जापुर। एक फरवरी को पेश होने वाले आम बजट को लेकर लोगों में उत्सुकता है। कोरोना के बीच बेपटरी हुआ व्यापार व महंगाई के चलते रसोईघर पर बढ़ते बोझ को लेकर सभी की निगाहें आगामी आम बजट पर टिकी हुई हैं। लेकिन लोग देश की सुरक्षा पर भी संजीदा हैं।
संसद में पेश होने वाले आम बजट को लेकर शनिवार को अमर उजाला ने महिलाओं की राय जानी। सभी की बस एक ही राय है कि देश की सुरक्षा, बेहतर चिकित्सा के साथ ही आम लोगों को राहत पहुंचाने वाला बजट होना चाहिए। अधिकांश महिलाओं की राय है कि वैश्विक महामारी के बीच बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए खाद्य पदार्थों के साथ ही दैनिक दिनचर्या में प्रयोग होने वाले सामान के अलावा फीस व स्टेशनरी के सामान पर विशेष रियायत मिलनी चाहिए।