अदलहाट। कोलना गांव में ग्रामीण पेय जल योजना के अंतर्गत जल निगम के द्वारा 2016-17 में लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से स्थापित पेयजल योजना के बाद भी सौ फीसदी आबादी को पानी नहीं मिला। आपूर्ति पूरी न होने पर मरम्मत व नए पंपिंग सेट( बोर) आदि के लिए 50 लाख रुपये जारी किए गए। लेकिन विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से आधा अधूरा काम ही कराया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विकास खंड नारायनपुर के कोलाना गांव में बनी पानी की टंकी से गांव की आबादी के हिसाब से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए शासन ने पाइप लाइन विस्तार, नई बोर तथा मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये जारी किए। ग्रामीणों का आरोप है कि काम करने के बजाय कार्यदायी संस्था के ठेकेदार और जल निगम के उच्च अधिकारियों ने आधा अधूरा कार्य कर बजट हड़प लिया। ग्रामीणों ने इसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मांग करने वालों में दिनेश सिंह,चन्द्रबली सिंह, सूयबली सिंह, विष्णु सिंह, कमल यादव, रामचन्द्र यादव, अजय बियार, गुड्डू बियार, रामू शर्मा, शिवसागर सिंह, राजीव सिंह आदि रहे।