मिर्जापुर। मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने शुक्रवार को पथरहिया स्थित मंडलायुक्त कार्यालय सभागार मेंं मंडलीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि मंडल के तीनों जिलों को 57 योजनाओं में ए प्लस श्रेणी मिली है। उन्होंने बी, सी व डी श्रेणी लाने वाले अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगले माह प्रगति में सुधार लाते हुए ए श्रेणी लाना सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने आईजीआरएस की समीक्षा में अधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने वाले विभाग के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायत के निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार लाएं। तीनों जिलों के जिला कृषि अधिकारियों से कहा कि मंडल में पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। कहीं भी किसानों को परेशानी न होने पाए। राजस्व वसूली के लिए अपर जिलाधिकारी से कहा कि लक्ष्य को पूर्ण कराएं।
मंडल में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह, जिलाधिकारी मिर्जापुर पवन कुमार गंगवार, सोनभद्र बीएन सिंह, भदोही शैलेश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर सोमेन बर्मा, भदोही अभिमन्यु मांगलिक, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र, अपर आयुक्त प्रशासन डाॅ. विश्राम, सीडीओ मिर्जापुर विशाल कुमार, सोनभद्र जागृति अवस्थी, भदोही बाल गोविन्द शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद