मिर्जापुर। करीब नौ साल पुराने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह की अदालत ने सुलह के आधार पर तीनों आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया।
शहर कोतवाली में वर्ष 2017 में मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें अजीमुल्ला, कल्लू उर्फ अब्दुल करीम और बंटी उर्फ अब्दुल रहीम को आरोपी बनाया गया था। वादी अब्दुल कादिर ने आरोप लगाया था कि जमीन के विवाद को लेकर आरोपियों ने उसके और उसकी पत्नी के साथ अभद्रता की थी और जान से मारने की धमकी दी थी।
सुनवाई के दौरान वादी और बचाव पक्ष की ओर से जिरह किए गए गवाहों के बयानों से अभियोजन के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। वादी ने भी घटना और आरोपों के संबंध में अभियोजन के कथन का समर्थन नहीं किया। इसके अलावा दोनों पक्षों की ओर से 12 अगस्त 2026 को सुलहनामा भी दाखिल किया गया था। इसके आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह की अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया।
इनसेट
मारपीट के मामले में पति-पत्नी दोषमुक्त
मिर्जापुर। मारपीट के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह की अदालत ने दो आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। शहर कोतवाली में 28 अप्रैल 2024 को मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। स्वामी दयानंद मार्ग निवासी क्षमा गुप्ता पत्नी सुनील गुप्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया था। इसके बाद न्यायालय में मुकदमे की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली। इसके आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह की अदालत ने महेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी वंदना गुप्ता को दोषमुक्त कर दिया।