अक्षय तृतीया (20 अप्रैल) से पहले सराफा बाजार में रौनक लौट आई है। सोने और चांदी के दाम में उतार-चढ़ाव के बीच लोग भारी जेवरों की जगह हल्के और आकर्षक डिजाइन के आभूषण को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बसनई बाजार, घंटाघर, त्रिमुहानी, चौबेटोला, धुंधीकटरा, मुकेरी बाजार आदि सराफा बाजार में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ रही। सराफा व्यापार मंडल के जिला मंत्री शिवमुंदड़ा के मुताबिक 24 कैरेट का सोना दस ग्राम का दाम 153500 रुपये हैं। चौबेटोला स्थित सराफा कारोबारी गोकुल अग्रवाल के अनुसार सोने और चांदी के बढ़ते घटते दाम के बीच ग्राहको की बदलती पसंद को देखते हुए पहले से ही हल्के और आकर्षक डिजाइन के आभूषणों का स्टाक तैयार कर लिया गया है। सराफा बाजार में विशेष तौर से 12 ग्राम की चार चूड़ियां और 10 ग्राम वाली सोने की चेन की अधिक मांग है। इसी तरह चांदी के पारंपरिक गहनों में जैसे 150 ग्राम के हॉफ कुंदनी और 200 ग्राम के फूल कुंदनी के अलावा 200 ग्राम तक के पेचदार पायल और डिजाइनदार बिछिया की अधिक मांग है।